Advertisement Carousel

आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया छत्तीसगढ़, सेवा संकल्प अभियान का आगाज

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत गुरुवार को प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर की गई। रायपुर से लेकर बस्तर, बिलासपुर और बालोद तक लाखों दीपों की रोशनी से प्रदेश जगमगा उठा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए।

मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के महादेव घाट और तेलीबांधा तालाब में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में अरुण साव की मौजूदगी में सवा लाख दीप जलाए गए, जबकि विजय शर्मा ने जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में सवा लाख दीपों के आयोजन में सहभागिता की। बालोद के सरयू स्टेडियम में भी सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 11 हजार दीप जलाए गए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा अंत्योदय, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर विकसित भारत के संकल्प में भागीदारी की अपील की।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं। वहीं विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को निष्काम कर्मयोग का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह अभियान जन-आशीर्वाद और सुरक्षित, सशक्त एवं समृद्ध भारत के साझा संकल्प का प्रतीक है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ करोड़ों परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद की अभिव्यक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!