रायपुर/गरियाबंद। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी कोर रेंज में वनभूमि अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से करीब 106 हेक्टेयर अतिक्रमित वनभूमि को मुक्त कराया गया। कार्रवाई में धमतरी, गरियाबंद, कांकेर और टाइगर रिजर्व की महिला वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई।
अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति और सीमांकन के लिए ISRO की सैटेलाइट इमेजरी और DGPS आधारित ड्रोन मैपिंग का इस्तेमाल किया गया। जांच में कुल 166 आरोपियों को चिन्हित किया गया है, जिनमें 40 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
विभाग के अनुसार संबंधित क्षेत्र में वर्ष 2011-13 में करीब 45 हेक्टेयर अतिक्रमण दर्ज था, जो बढ़कर 106 हेक्टेयर तक पहुंच गया था। पिछले चार वर्षों में USTR में विभिन्न अभियानों के तहत 1,000 हेक्टेयर से अधिक वनभूमि अतिक्रमण मुक्त कराई जा चुकी है।
मुक्त कराई गई भूमि के पारिस्थितिक पुनर्स्थापन के लिए कंटूर ट्रेंच, वर्षाजल संचयन, मृदा-नमी संरक्षण और भू-जल पुनर्भरण के कार्य शुरू किए गए हैं। करीब 1,500 पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। यह क्षेत्र हाथी कॉरिडोर और महानदी के उद्गम क्षेत्र के निकट होने के कारण वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
