खैरागढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पांडादाह मंडल में भाजपा संगठन को लेकर उस समय हलचल बढ़ गई, जब एक दर्जन से अधिक बूथ और शक्ति केंद्रों से जुड़े पदाधिकारियों के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की बात सामने आई। करीब 30 कार्यकर्ताओं के भी पार्टी छोड़ने की चर्चा है।
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा के व्यवहार और संगठनात्मक कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि उन्हें संगठन की गतिविधियों से दूर रखा गया और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया गया। पदाधिकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से पार्टी के लिए काम करते रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ा।
इस्तीफा देने वालों में गणेश पटेल, प्रमोद जंघेल, ओमकार सिंह आतराम, घनश्याम बघेल, तरेंद्र साह, गुप्तेश्वर यादव, सुखराम, भागवत और जितेंद्र वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों के नाम बताए जा रहे हैं।
हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने कहा कि उन्हें फिलहाल कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर पाएंगे। ऐसे में इस्तीफों को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
