Advertisement Carousel

सुकमा में नक्सलियों के डम्प पर बड़ी कार्रवाई, 13 हथियार और 208 डेटोनेटर बरामद

आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना पर जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग, जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स के संयुक्त अभियान में मिली सफलता

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। किस्टाराम थाना क्षेत्र के ग्राम पालाचलमा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के छिपाए गए डम्प से 13 हथियार, 46 जिंदा कारतूस और 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री में हथियारों के साथ विस्फोटक उपकरण और संचार से जुड़े सामान भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 12 अक्टूबर को जिला बल, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने पालाचलमा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। दुर्गम इलाके में तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखी गई सामग्री का डम्प मिला।

अलग-अलग तरह के हथियार और विस्फोटक बरामद

तलाशी के दौरान .303 रायफल, सिंगल शॉट हथियार, BGL लॉन्चर, 12 बोर रायफल, भरमार और देशी कट्टा सहित कुल 13 हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा 46 जिंदा कारतूस और 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में इंसास मैगजीन के साथ 26 जिंदा राउंड, 12 बोर के 20 जिंदा राउंड, तीर बम, BGL सेल, वायरलेस सेट, चार्जर और विभिन्न हथियारों के खाली खोखे भी शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने पूरी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत करने के लिए नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग लगातार जारी रहेगी।

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के डम्प का पता चला है। पुलिस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!