रायपुर।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल पर प्रसिद्ध कथावाचक रामानुरागी महाराज ने दक्षिणा हड़पने का आरोप लगाया है। कथावाचक ने आरोप लगाते हुए विधानसभा के मुख्य द्वार के सामने धरना भी दिया और न्याय की मांग की।
मामला मंत्री राजेश अग्रवाल के पैतृक गांव में आयोजित एक धार्मिक कथा कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है। कथावाचक रामानुरागी महाराज का कहना है कि उन्हें गांव में आयोजित भव्य धार्मिक कथा में प्रवचन देने के लिए आमंत्रित किया गया था। कथा संपन्न होने के बाद भी उन्हें अब तक मेहनताना यानी दक्षिणा नहीं दी गई।
रामानुरागी महाराज ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्होंने कई बार मंत्री पक्ष से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। आखिरकार मजबूर होकर उन्होंने विधानसभा के सामने धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
धरने के दौरान कथावाचक ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह का व्यवहार न केवल गलत है बल्कि एक धर्मगुरु और कलाकार का अपमान भी है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है।
हालांकि इस पूरे मामले में अब तक मंत्री राजेश अग्रवाल या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और कथावाचक को उनका मेहनताना मिल पाता है या नहीं।
