Advertisement Carousel

लाल आतंक से मुक्ति के बाद शांति, विश्वास और विकास के नए युग में छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई, अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद; 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान

रायपुर, 31 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेश के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। यह दिन राज्य की उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ भविष्य के विकास के लिए नए संकल्प लेने का भी अवसर है।

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से पृथक छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। राज्य गठन से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली तथा विकास की संभावनाओं के द्वार खुले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने इस वर्ष के राज्योत्सव को विशेष और ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह पहला राज्योत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के प्रयासों को दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस सफलता में वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का अविस्मरणीय योगदान है, जिसे प्रदेश हमेशा कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव में खुशहाली लाना, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के सामर्थ्य से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की क्षमता रखता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेने तथा इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!