Advertisement Carousel

अब एक QR कोड स्कैन करते ही पता चलेगा वाहन का चालान, रायपुर पुलिस की नई पहल

‘Know Your Vehicle’ अभियान शुरू, फर्जी ई-चालान मैसेज और ऑनलाइन ठगी से बचाने की कवायद; अधिकृत पोर्टल से घर बैठे कर सकेंगे भुगतान

रायपुर, 31 अक्टूबर। वाहन चालकों को ई-चालान की जानकारी देने और साइबर ठगी से बचाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने अनूठी पहल शुरू की है। पुलिस ने ‘Know Your Vehicle – अपने वाहन को जानें’ QR कोड अभियान का शुभारंभ किया है। अब नागरिक QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर लंबित चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अधिकृत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान भी कर पाएंगे।

इस अभियान का शुभारंभ शांति नगर स्थित विमतारा में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, विभिन्न जोन के पुलिस उपायुक्त और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस के मुताबिक, डिजिटल माध्यम से भेजे जाने वाले ई-चालान के नाम पर कई बार लोगों को फर्जी लिंक और भ्रामक मैसेज भेजकर ठगी की जाती है। इसी समस्या से बचाने के लिए यह QR कोड सीधे परिवहन विभाग के अधिकृत पोर्टल echallan.parivahan.gov.in से जोड़ा गया है।

यह QR कोड रायपुर कमिश्नरेट के सोशल मीडिया पेज, सभी थानों और यातायात थानों के अलावा पेट्रोल पंप, PUC सेंटर, वाहन शोरूम, प्रमुख बैंक शाखाओं और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

ऐसे करें चालान की जांच और भुगतान

QR कोड स्कैन करने के बाद नागरिक परिवहन विभाग के पोर्टल पर जाकर वाहन नंबर या चालान नंबर दर्ज कर लंबित चालानों की जानकारी देख सकेंगे। इसके बाद संबंधित चालान चुनकर UPI, डेबिट-क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान किया जा सकेगा। भुगतान के बाद ई-रसीद डाउनलोड करने की सुविधा भी मिलेगी।

रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और चालान की जांच व भुगतान के लिए केवल अधिकृत QR कोड या सरकारी पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।

आधिकारिक पोर्टल: echallan.parivahan.gov.in
यातायात हेल्पलाइन: 9479210632

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!