राजाडेरा के जंगल में छिपाकर रखी गई थी नकदी, टिफिन में मिले 500-500 के नोटों के बंडल; पुलिस ने मोबाइल और बाइक भी की जब्त
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई 21 लाख रुपये की नकदी पुलिस ने बरामद की है। इस रकम को निकालने पहुंचे दो आत्मसमर्पित नक्सलियों समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजाडेरा पहाड़ी के पास नक्सलियों का डंप कैश रखा हुआ है और कुछ लोग उसे निकालने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर मैनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान काले रंग के बैग में रखे टिफिन से 500-500 रुपये के नोटों के बंडल बरामद हुए। कुल नकदी 21 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सिंगे उर्फ रोशनी के बारे में बताया जा रहा है कि वह एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली सीसी मेंबर चलपति की सुरक्षा गार्ड रह चुकी है।
पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत, इसके इस्तेमाल और नक्सली नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
