रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने प्रदेश में एलपीजी गैस की कमी और बढ़ती परेशानी को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाया, जिस पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई। स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार किए जाने के बाद विपक्षी विधायकों ने जमकर नारेबाजी की और सदन से बहिर्गमन कर दिया।
शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत हो गई है। शादी-विवाह का सीजन चल रहा है और कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से होटल-रेस्तरां तक बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सीधे जनता से जुड़ा है, इसलिए इस पर सदन में चर्चा कर समाधान निकाला जाना चाहिए।
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने स्थगन प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कीमत और आपूर्ति का विषय केंद्र सरकार से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे विधानसभा में चर्चा के लिए लाना उचित मंच नहीं है।
इस पर कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पलटवार करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद गैस की स्थिति को लेकर बयान दे सकते हैं तो फिर इस मुद्दे पर सदन में चर्चा क्यों नहीं हो सकती।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी विपक्ष का समर्थन करते हुए कहा कि भले ही गैस का विषय केंद्र सरकार से जुड़ा हो, लेकिन प्रदेश में सप्लाई और व्यवस्था सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल-व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और नारेबाजी के चलते सदन में काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष ने स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और कहा कि यह केंद्र सरकार से जुड़ा विषय है, इसलिए इस पर सदन में चर्चा नहीं की जा सकती।
इसके बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में पहुंच गए, जिसके कारण बेल में आने वाले विधायक स्वतः निलंबित हो गए। भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित भी करनी पड़ी।
कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी विपक्ष ने नारेबाजी जारी रखी और अंततः विरोध जताते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया। गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर सदन में हुआ यह विवाद दिनभर राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहा।
