Advertisement Carousel

कूनो में गूंजी चीतों की नई किलकारी, भारत में चीतों का कुनबा 56 हुआ

भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार शावकों को दिया जन्म

इंदौर। मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में प्रोजेक्ट चीता के तहत एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने 18 सितंबर को चार नन्हे शावकों को जन्म दिया है। चार नए शावकों के जन्म के साथ भारत में जीवित चीतों की संख्या 52 से बढ़कर 56 हो गई है। वहीं, भारत में जन्मे चीतों की संख्या भी बढ़कर 36 हो गई है।

प्रोजेक्ट चीता के तहत वर्ष 2022 में शुरू हुई चीता पुनर्स्थापना की यात्रा अब प्रजनन और नई पीढ़ी के संरक्षण के चरण में पहुंच गई है। 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से आठ चीते भारत लाए गए थे। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और फरवरी 2026 में बोत्सवाना से नौ चीते भारत लाए गए। भारत में हुए प्राकृतिक प्रजनन के चलते अब देश में चीतों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

चार शावकों के जन्म के बाद कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की संख्या 53 हो गई है, जबकि मध्यप्रदेश में गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य के तीन चीतों को मिलाकर कुल संख्या 56 हो गई है।

प्रोजेक्ट चीता के तहत चीतों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, निगरानी और उनके प्राकृतिक आवास के प्रबंधन पर लगातार काम किया जा रहा है। वन विभाग, वन्यजीव विशेषज्ञ, पशु चिकित्सक और मैदानी अमला चीतों की निगरानी में जुटा है। नए शावकों का जन्म भारत में चीता संरक्षण और प्राकृतिक प्रजनन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!