नवरात्रि पर विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
रायपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश सरकार के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को दंतेवाड़ा स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। इस दौरान दोनों नेताओं ने मंदिर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की तथा आरती में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मां दंतेश्वरी के समक्ष मत्था टेककर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। नवरात्रि के अवसर पर उन्होंने मां के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए प्रदेश की निरंतर उन्नति और जनकल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद दोनों नेताओं ने कहा कि मां दंतेश्वरी बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जन-आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। मां दंतेश्वरी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है और उनका आशीर्वाद प्रदेश को विकास, शांति एवं सौहार्द के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
नवरात्रि के पावन पर्व पर मां दंतेश्वरी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। इस अवसर पर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की गई प्रार्थना के साथ दोनों नेताओं ने मां के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
