Advertisement Carousel

राज्य आंदोलनकारियों एवं राज जसला का 27वां रजत जयंती समारोह 31 अक्टूबर से

oplus_2

रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सात आंदोलनकारियों का होगा सम्मान; 1 नवंबर को प्रमुख चौक-चौराहों पर आतिशबाजी की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े राज्य आंदोलनकारियों एवं राज जसला के जनक महानुभावों द्वारा राजधानी रायपुर में 27वां रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन में कार्यकर्ता सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आंदोलनकारियों का सम्मान और आतिशबाजी प्रमुख आकर्षण होंगे।

आयोजकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का इतिहास जनआंदोलनों और संघर्षों से जुड़ा रहा है। राज्य निर्माण की मांग को लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, छत्तीसगढ़िया समाज, महिलाओं, पत्रकारों, इतिहासकारों, शिक्षकों और साहित्यकारों ने एक मंच पर आकर आंदोलन किया। लंबे संघर्ष के बाद 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। आयोजकों ने राज्य निर्माण में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी सहित आंदोलन से जुड़े सभी लोगों के योगदान को याद किया।

31 अक्टूबर को कार्यकर्ता सम्मेलन

समारोह के तहत 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक टिकरापारा स्थित साहू भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात 8:30 बजे हांडीपारा स्थित राज्य संघर्ष स्थल, छत्तीसगढ़ी भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें राजनांदगांव के कलाकार चंदनी गोंडला के नेतृत्व में महादेव हिरवानी सहित करीब 40 कलाकार प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोककला की झलक देखने को मिलेगी।

सात आंदोलनकारियों का होगा सम्मान

समारोह के दौरान रायपुर, बलौदाबाजार, कोरबा, कवर्धा और कांकेर सहित विभिन्न क्षेत्रों के सात राज्य आंदोलनकारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले लोगों के संघर्ष और भूमिका को सम्मान देना है।

राज्योत्सव पर प्रमुख चौक-चौराहों पर आतिशबाजी

1 नवंबर 2026 को राज्योत्सव के अवसर पर शाम 6:30 बजे आंदोलनकारियों द्वारा सामूहिक रूप से आतिशबाजी आयोजित करने की योजना है। इसके लिए छत्तीसगढ़ी भवन, आजाद चौक, शहीद वीरनारायण सिंह चौक, भैंसथान चौक, आचार्य नरेंद्र देव मार्ग स्थित लाभांडी नगर चौक, साहू भवन टिकरापारा और मोतीबाग चौक सहित प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है।

कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए 25 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ी भवन में बैठक आयोजित कर अलग-अलग टीमों का गठन करने और जिम्मेदारियां तय करने की बात कही गई है।

प्रेस वार्ताकारों में अमिल दुबे, दाऊ जी.पी. चंद्राकर, वेगेन्द्र सोनवनेर और लालाराम वर्मा के नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!