Advertisement Carousel

लक्ष्मी डेयरी के सांभर में मिले कीड़े, फफूंद लगे बड़े भी बरामद

NTPC जमनीपाली स्थित डेयरी में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर मचा हड़कंप, नायब तहसीलदार ने जताई नाराजगी

कोरबा। जिले के NTPC जमनीपाली स्थित लक्ष्मी डेयरी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कथित तौर पर कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने डेयरी संचालक के प्रति नाराजगी जताई और खाद्य विभाग को इसकी सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, डेयरी में नाश्ता करने पहुंचे कुछ पुलिस अधिकारियों सहित अन्य ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़े दिखाई दिए। मौके पर सांभर और चटनी के अलावा फफूंद लगे सांभर बड़े भी मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद लोगों ने संचालक को जमकर फटकार लगाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी प्रतिष्ठान में गंदगी और अव्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

रसोई में मिली गंदगी और अव्यवस्था

मामले की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार दर्री चंद्र भूषण चंद्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति पर नाराजगी जताई। रसोई की जांच के दौरान गंदगी और अव्यवस्था मिलने के साथ खाद्य सामग्री पर फफूंद लगे होने की बात भी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डेयरी की जांच कर कार्रवाई किए जाने की जानकारी मिली है।

खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य विभाग को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद तक संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, खाद्य विभाग की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई और खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच हुई या नहीं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

गौरतलब है कि इससे पहले कोरबा के न्यू दिल्ली स्वीट्स में शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अब लक्ष्मी डेयरी की घटना ने एक बार फिर खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी पर ध्यान खींचा है।

फिलहाल मामले में जांच और कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग की प्रभावी कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!