सीएम विष्णुदेव साय की पहल रंग लाई, 3,946 परिवारों को मिलेगा फायदा; रिटेंशन और थर्ड पार्टी आवासों का किराया 6 रुपए प्रति वर्गफीट तय
रायपुर, 3 नवंबर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) टाउनशिप में रहने वाले हजारों आवासधारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस निर्णय से करीब 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है। खासतौर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किराए में 75 प्रतिशत तक की राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में आवासधारियों की समस्याओं पर चर्चा के बाद बीएसपी प्रबंधन ने 2 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया। नई दर के तहत रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के संबंधित आवासों के किराए में एकरूपता लाई गई है।
पहले रिटेंशन श्रेणी के आवासों का किराया 24 रुपए प्रति वर्गफीट था, जिसे घटाकर 6 रुपए कर दिया गया है। वहीं थर्ड पार्टी श्रेणी में किराया 8 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट किया गया है। इससे रिटेंशन आवासधारियों को 75 प्रतिशत और थर्ड पार्टी आवासधारियों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।
यदि 500 वर्गफीट के आवास की बात करें, तो रिटेंशन श्रेणी में पहले 12 हजार रुपए मासिक किराया देना पड़ता था, जो अब घटकर 3 हजार रुपए रह जाएगा। इससे संबंधित परिवार को हर महीने 9 हजार रुपए की बचत होगी।
इस मुद्दे को दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री निवास में सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर राहत के लिए आभार व्यक्त किया।
संशोधित व्यवस्था के तहत पूर्व अवधि के किराए की पुनर्गणना का भी प्रावधान किया गया है। अतिरिक्त जमा राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार स्पष्ट की जाएगी। यह निर्णय बीएसपी टाउनशिप में लंबे समय से किराए की समस्या से जूझ रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य आवासधारियों के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है।
