प्रदेश के पांचों संभागों से 500 खिलाड़ी होंगे शामिल, सरगुजा के खिलाड़ियों को प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत छूट
अंबिकापुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूली शतरंज प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 29 नवंबर को राजधानी रायपुर में जी.एच. रायसोनी मेमोरियल स्कूल स्टेट चेस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ द्वारा कल्पना प्रकाश वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस एक दिवसीय राज्य स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर से लगभग 500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
कोरिया जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह (दद्दा) ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में शतरंज खेल को बढ़ावा देना, स्कूली विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि विकसित करना और उभरती प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराना है।
छह आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग में बालक एवं बालिकाओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक आयु वर्ग के लिए 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 7 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय को 5 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, तृतीय को 3 हजार रुपये एवं ट्रॉफी तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2 हजार रुपये एवं मोमेंटो प्रदान किया जाएगा। वहीं पांचवें, छठवें और सातवें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 1500 रुपये एवं मोमेंटो तथा आठवें, नौवें और दसवें स्थान के खिलाड़ियों को 1000 रुपये एवं मोमेंटो दिया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।
संभागीय चयन प्रतियोगिताएं आयोजित
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के विभिन्न संभागों में संभाग स्तरीय चयन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं। चयन प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त नहीं कर पाने वाले खिलाड़ी भी निर्धारित नियमों के तहत डोनर एंट्री के माध्यम से प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं।
सरगुजा के खिलाड़ियों को 50 प्रतिशत छूट
सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रवेश शुल्क में विशेष रियायत दी गई है। सरगुजा के खिलाड़ी 250 रुपये प्रवेश शुल्क देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। वहीं डोनर एंट्री के माध्यम से भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता में पंजीयन की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित है। इसके बाद पंजीयन कराने वाले खिलाड़ियों को नियमानुसार विलंब शुल्क देना होगा।
सरगुजा के इच्छुक खिलाड़ी पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए राष्ट्रीय शतरंज निर्णायक अंजुम से मोबाइल नंबर 9131895915 पर संपर्क कर सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता प्रदेश के युवा शतरंज खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं पहचान स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
