455 इलेक्ट्रिक और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त, जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त कार्रवाई
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर के पहाड़ी और जंगल इलाके में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटक एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का डंप बरामद किया गया है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल 955 डेटोनेटर सहित बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 204 कोबरा बटालियन की आसूचना शाखा से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने पुजारीकांकेर के दक्षिण-पूर्व दिशा में जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया संदिग्ध डंप मिला। सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर भारी मात्रा में विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
955 डेटोनेटर सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
बरामद विस्फोटक सामग्री में 455 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 500 नग नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर शामिल हैं। इसके अलावा दो मल्टीमीटर, रेडियो सेट के बैटरी चार्जर, कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड (PCB), मल्टी USB पोर्ट कार्ड रीडर, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप एडाप्टर, FM/AM पावर एंटीना, टेलीस्कोपिक एंटीना, डेटा केबल, करीब 8 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड भी बरामद किया गया है।
सुरक्षा बलों को मौके से नक्सल साहित्य और अन्य उपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी मिली है।
वैधानिक कार्रवाई जारी
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बरामद विस्फोटक एवं अन्य सामग्री को थाना उसूर द्वारा विधिवत जब्त कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
