रायपुर में सर्वाधिक 19 सीटों का इजाफा, बिलासपुर में 8 और जगदलपुर में 6 सीटें बढ़ीं; विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। प्रदेश के तीन शासकीय मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) की 33 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके साथ ही रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की कुल सीटें 265 से बढ़कर 298 हो गई हैं। सीटों में वृद्धि से अधिक डॉक्टरों को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि को प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ने से यहां प्रशिक्षित विशेषज्ञ डॉक्टर प्रदेश की जनता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में योगदान देंगे।
रायपुर मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा 19 सीटों की वृद्धि
6 नवंबर को जारी संशोधित सीट सूची के अनुसार, रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी की 19 सीटें बढ़ाई गई हैं। इससे यहां कुल सीटों की संख्या 146 से बढ़कर 165 हो गई है। प्रदेश के तीनों मेडिकल कॉलेजों में रायपुर में सबसे अधिक सीटों का इजाफा हुआ है।
इसी तरह बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में 8 सीटें बढ़ाई गई हैं। यहां अब पीजी की कुल 99 सीटों पर प्रवेश होगा, जबकि पहले यह संख्या 91 थी। जगदलपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में भी 6 सीटों की वृद्धि की गई है। यहां पीजी सीटें 28 से बढ़कर 34 हो गई हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने में मिलेगी मदद
पीजी की सीटें बढ़ने से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करने की प्रक्रिया को गति मिलेगी। स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉक्टर मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में मरीजों की जांच और उपचार में भी भागीदारी निभाते हैं। ऐसे में सीटों की वृद्धि से चिकित्सा शिक्षा के साथ अस्पतालों में मरीजों की देखभाल के लिए अतिरिक्त चिकित्सकीय सहयोग उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सरकार की इस पहल से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता मजबूत होगी। रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर के मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों का विस्तार छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
