तेलियामार में चल रहा था जुए का फड़, 32 हजार रुपये नकद और 1.83 लाख की सामग्री जब्त; जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के नाम आने से मचा हड़कंप
कोरबा/पसान। कोरबा जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तेलियामार का है, जहां 9 नवंबर को पुलिस ने जुए के फड़ पर अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे सभी 13 लोगों को पकड़ लिया गया। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार लोगों में एक शासकीय स्कूल का प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत का सरपंच भी शामिल हैं।
पुलिस कार्रवाई में शासकीय प्राथमिक शाला पड़रिपानी में पदस्थ प्रधान पाठक गजेंद्र यादव और ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच सहदेव आर्मो भी पकड़े गए हैं। इनके नाम सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और पंचायत प्रशासन से जुड़े जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
32 हजार नकद समेत 1.83 लाख की सामग्री जब्त
पुलिस ने जुए के फड़ से 32 हजार रुपये नकद सहित करीब 1 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है। मौके पर पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के नाम आने से चर्चा
जुआ खेलने के मामले में प्रधान पाठक और सरपंच की गिरफ्तारी ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। एक ओर जहां स्कूलों में बच्चों को नैतिकता और अनुशासन का पाठ पढ़ाने की जिम्मेदारी शिक्षकों पर है, वहीं दूसरी ओर पंचायत प्रतिनिधियों से भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा की जाती है। ऐसे में दोनों के नाम जुआ खेलने के मामले में सामने आना चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।
