सक्ति। भीषण गर्मी और गिरते जल स्तर के बीच ग्राम पंचायत निमोही के ग्रामीणों को वेदांता पावर की ओर से राहत मिल रही है। कंपनी अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत पिछले तीन वर्षों से गांव में टैंकरों के जरिए नियमित जल आपूर्ति कर रही है। इस वर्ष करीब 120 परिवारों को प्रतिदिन 12 हजार लीटर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
वेदांता पावर के सक्ती स्थित थर्मल पावर प्लांट द्वारा मार्च से जून तक ग्रामीणों को पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। गांव में जल स्तर लगातार नीचे जाने के कारण बोरवेल और कुएं गर्मी के शुरुआती महीनों में ही सूख जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वेदांता पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजिंदर सिंह आहूजा ने कहा कि कंपनी अपने प्रचालन क्षेत्रों में दीर्घकालिक सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और जल उपलब्धता आज सबसे बड़ी जरूरत बन गई है और निमोही के नागरिकों तक नियमित जल आपूर्ति पहुंचाना कंपनी के लिए संतोष की बात है।
निमोही ग्राम पंचायत के सरपंच पारसमणि गभेल ने बताया कि गांव में हर साल मार्च तक जल स्रोत सूख जाते हैं और पानी की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं रहती। ऐसे में वेदांता पावर द्वारा वर्ष 2023 से लगातार टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।

ग्रामीण किरण कुमार बैरागी, राजू डनसेना और श्वेता डनसेना सहित कई लोगों ने बताया कि गांव में प्रतिदिन तीन से चार बार पानी की आपूर्ति की जाती है, जिससे रोजमर्रा के कार्य आसानी से हो पा रहे हैं। ग्रामीणों ने कंपनी के स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सशक्तिकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी सराहना की।
