बेमेतरा। जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में मंत्री दयालदास बघेल की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने के मामले में कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल सिंह बंजारे समेत कुल 17 लोगों को आरोपी बनाया है।
जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल की शिकायत पर चंदनू थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 09 मई को ग्राम झिरिया में यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए मंत्री दयालदास बघेल को प्रतीकात्मक रूप से मृत दर्शाकर शव यात्रा निकाली गई थी।
बताया जा रहा है कि उसलापुर-झिरिया क्षेत्र में करीब 300 गौवंशों की मौत के विरोध में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान शव यात्रा निकालकर सरकार और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर जिले की राजनीति भी गरमा गई है।
