Advertisement Carousel

तरबूज खाने के बाद पांच बच्चों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, 4 का उपचार जारी


चार बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी, प्रशासन ने जांच के लिए भेजे सैंपल


जांजगीर-चांपा। जिले के घुरकोट गांव में तरबूज खाने के बाद पांच बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना में एक 15 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।


जानकारी के अनुसार पोड़ी दलहा निवासी अखिलेश धीवर (15), अवरीद निवासी श्री धीवर (4), खटोला निवासी पिंटू धीवर (12), नरेंद्र धीवर और कोटगढ़ निवासी हितेश धीवर (13) एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने मामा के गांव घुरकोट पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सभी बच्चों ने घर में रखा तरबूज खाया था।


बताया जा रहा है कि तरबूज खाने के करीब दो घंटे बाद बच्चों को उल्टी-दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। सबसे पहले अखिलेश धीवर की हालत गंभीर हुई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले का संज्ञान लिया। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम गांव और जिला अस्पताल पहुंची। प्रशासन ने घर में रखे तरबूज के सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। वहीं मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने विसरा सुरक्षित रखा गया है।


फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती चारों बच्चों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!