Advertisement Carousel

नक्सली हमले में पैर गंवाने वाले तोमन कुमार ने तीरंदाजी में जीता गोल्ड, CM साय ने 51 लाख देने की घोषणा

अभिजीत सखूजा को भी 31 लाख की प्रोत्साहन राशि, एशियन पैरा गेम्स के दोनों पदक विजेताओं का मुख्यमंत्री निवास में हुआ सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

इस सम्मान समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा तोमन कुमार के संघर्ष की रही। बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में जवान के रूप में देश की सेवा कर चुके हैं। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। लगातार मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया।

वहीं, बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने अपनी परिस्थितियों को कमजोरी नहीं बनने दिया और पैरा बैडमिंटन में मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने प्रदेश का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री साय ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों को संघर्ष, साहस और संकल्प की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने बड़ी से बड़ी चुनौती भी बाधा नहीं बन सकती। इनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो और खिलाड़ियों के परिजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!