Advertisement Carousel

मिठाई में मिठास कम, सवाल ज्यादा! 200 लीटर दूध से 2 टन मिठाई का गणित समझ से बाहर

Oplus_16908288

फ्रिजर में बदहाल पनीर और मिठाइयां, फैक्ट्री में तेज दुर्गंध; पाम ऑयल, वनस्पति और मिल्क पाउडर के इस्तेमाल की जानकारी ने खड़े किए सवाल

रायपुर। दिवाली पर लोगों ने मिठाइयां खरीदीं, अपनों का मुंह मीठा कराया और त्योहार की खुशियां बांटीं। लेकिन मिठाई बनाने वाली फैक्ट्री का नजारा देखकर मिठास का स्वाद कुछ फीका पड़ सकता है। रायपुर के रमन मंदिर गली, फाफाडीह स्थित न्यू खत्री स्वीट्स की फैक्ट्री में जांच-पड़ताल के दौरान ऐसे हालात सामने आए, जिन्होंने मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

फैक्ट्री के फ्रिजर में रखे पनीर और मिठाइयों की स्थिति चिंताजनक नजर आई। परिसर में तेज दुर्गंध के कारण सांस लेना तक मुश्किल बताया गया। वहीं मिठाई निर्माण में पाम ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और वनस्पति के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। यानी मिठाई में दूध कितना और दूसरे विकल्प कितने, यह सवाल अब जांच का विषय है।

सबसे दिलचस्प गणित मिठाई के उत्पादन का है। फैक्ट्री संचालक के मुताबिक दिवाली के दिन करीब 200 लीटर दूध आया, जबकि मिठाइयों का उत्पादन लगभग 2 टन हुआ। अब आम आदमी का सवाल है कि 200 लीटर दूध से 2,000 किलो मिठाई का यह गणित आखिर कैसे बैठा? क्या मिठाई बनाने में दूसरे विकल्पों ने दूध की कमी पूरी कर दी? संचालक के अनुसार मिठाइयों की सप्लाई रायपुर से करीब 50 किलोमीटर के दायरे तक की गई।

मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत पंजीबद्ध कर ली गई है और टीम भेजकर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह है कि जांच में मिठाई की असलियत सामने आती है या फिर लोगों को त्योहार की मिठास के साथ सवालों की कड़वाहट भी निगलनी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!