Advertisement Carousel

रायपुर में सफाई व्यवस्था की बदहाली पर प्रशासन सख्त, दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा और जोन-4 आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी से तीन दिन में मांगा जवाब, लापरवाही पर हो सकती है एकपक्षीय कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस पाने वालों में निगम के उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं।

विभाग ने शहर में फैली गंदगी के लिए दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए जवाब तलब किया है। साथ ही नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिया गया है कि दोनों अधिकारियों के जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत संलग्न करते हुए संचालनालय को भेजें।

बार-बार निर्देश के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं

नगरीय प्रशासन विभाग ने नोटिस में उल्लेख किया है कि नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रत्येक समीक्षा बैठक में विशेष ध्यान देने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। शहर के विभिन्न हिस्सों में गंदगी फैले होने की खबरें लगातार समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही हैं।

विभाग ने कहा है कि इस स्थिति से नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित हो रही है तथा संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए दोनों अधिकारी प्रथम दृष्टया जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।

तीन दिन में जवाब नहीं तो होगी एकपक्षीय कार्रवाई

दोनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तीन दिनों की समयसीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

राजधानी की सफाई व्यवस्था को लेकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम के अधिकारियों पर जवाबदेही और व्यवस्था में सुधार का दबाव बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!