दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के हरीश और प्रिंस राज यादव ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाया दमखम, भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में निभाई अहम भूमिका
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में 13 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित 18वीं USIC क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस गौरवपूर्ण जीत में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के दो खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारी हरीश और प्रिंस राज यादव ने भारतीय रेलवे की पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल और प्रदर्शन से टीम की सफलता में योगदान दिया।
भारतीय रेलवे की पुरुष टीम ने प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न देशों की रेलवे टीमों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत से भारतीय रेलवे के साथ-साथ देश का गौरव भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।
इस उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश एवं खेल संघ के पदाधिकारियों ने पूरी भारतीय रेलवे टीम सहित हरीश और प्रिंस राज यादव को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह रेलवे और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
