Advertisement Carousel

बिलासपुर को मिली प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग, 80 कारें होंगी एक साथ पार्क

12.60 करोड़ की लागत से तैयार हाईटेक पार्किंग का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में जाम और पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत

बिलासपुर/रायपुर। बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। आधुनिक तकनीक से लैस यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बढ़ते शहरीकरण के बीच पार्किंग और यातायात प्रबंधन की चुनौतियों का समाधान तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित स्थान में अधिकतम पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना नागरिकों का समय बचाने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी।

शटल तकनीक से खुद पार्क होगी कार

इस पार्किंग की सबसे बड़ी खासियत इसकी अत्याधुनिक शटल तकनीक है। वाहन चालक को केवल भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में कार खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद स्वचालित प्रणाली कार को एलिवेटर के माध्यम से निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगी, जहां रोबोटिक शटल उसे पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित खड़ा कर देगी। वाहन वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर यही प्रणाली कार को निकास बे तक पहुंचा देगी।

इस तरह वाहन चालकों को खुद पार्किंग स्थल तलाशने, ऊपरी मंजिलों तक जाने या वाहन को पार्क करने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।

पांच मंजिला भवन में 80 कारों की क्षमता

बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित इस पार्किंग भवन में भूतल सहित कुल पांच मंजिलें हैं। प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण और निगरानी जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। पार्किंग प्रणाली की निर्धारित संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा है।

व्यापारिक क्षेत्र को मिलेगी बड़ी राहत

पुराना बस स्टैंड और आसपास का क्षेत्र बिलासपुर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में शामिल है। यहां वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात दबाव की समस्या बनी रहती है। नई मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने से नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी। सड़क किनारे वाहनों का दबाव कम होने से आवागमन भी सुगम होगा।

लोकार्पण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!