Advertisement Carousel

कानपुर से दिल्ली का सफर होगा आसान, नई कानपुर एक्सप्रेस को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच शुरू हुई दैनिक ट्रेन सेवा, 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी 22 एलएचबी कोच वाली एक्सप्रेस

कानपुर। कानपुर और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने रविवार को कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई दैनिक रेल सेवा से उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच आवागमन और आसान होगा। व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

नई कानपुर एक्सप्रेस लगभग 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। यह कानपुर को दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र आनंद विहार टर्मिनल से सीधे जोड़ेगी।

कई औद्योगिक और व्यावसायिक शहरों को मिलेगा लाभ

इस रेल सेवा का लाभ केवल कानपुर और दिल्ली के यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। मार्ग में पड़ने वाले फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

फफूंद से औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी और गेल पाता तक पहुंच आसान होगी। इटावा के कृषि क्षेत्र, फिरोजाबाद के कांच उद्योग, हाथरस के हींग प्रसंस्करण एवं पीतल उद्योग और अलीगढ़ के ताला उद्योग को भी इस सेवा से फायदा मिलेगा। खुर्जा के सिरेमिक उद्योग और दादरी के औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के लिए भी यह रेल सेवा उपयोगी साबित होगी।

16 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक बदलेगा कानपुर का यातायात

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुरवासियों को नई रेल सेवा की बधाई देते हुए कहा कि अनवरगंज से मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण रेलवे क्रॉसिंग पर दशकों से लगने वाले जाम का स्थायी समाधान बनेगा। परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी प्राप्त हो गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कानपुर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर का सफर 1 घंटे 45 मिनट में

रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी कानपुर के विकास को नई दिशा देगी। प्रस्तावित नॉर्थ कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित होगा।

परियोजना के प्रस्तावित समय के अनुसार दिल्ली से कानपुर का सफर लगभग 1 घंटा 45 मिनट, लखनऊ से कानपुर 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज करीब 1 घंटा 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को फिर से स्थापित करने का संकल्प अब धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है। उन्होंने अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर की मंजूरी, बुलेट ट्रेन के प्रस्ताव और नई रेल सेवा की शुरुआत को शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!