Advertisement Carousel

चैतन्य बघेल की संपत्तियों पर ईडी की कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध और दुर्भावना से प्रेरित : कांग्रेस

सुशील आनंद शुक्ला का आरोप- ईडी भाजपा के मोर्चा संगठन की तरह कर रही काम, ट्रिब्यूनल में सुनवाई से ठीक पहले कार्रवाई पर उठाए सवाल

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की पैतृक संपत्ति और विट्ठल ग्रीन्स परियोजना के 355 प्लॉटों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने इस कार्रवाई को अवैध, दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि ईडी निष्पक्ष जांच एजेंसी के बजाय भाजपा के राजनीतिक संगठन की तरह काम कर रही है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि चैतन्य बघेल की संपत्तियों पर कार्रवाई ऐसे समय की गई, जब मामले की सुनवाई अपीलीय न्यायाधिकरण में प्रस्तावित थी। उन्होंने सवाल उठाया कि ट्रिब्यूनल में सुनवाई से ठीक पहले ईडी को इतनी जल्दबाजी क्यों हुई? कांग्रेस नेता के मुताबिक, यह कार्रवाई विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने और मीडिया ट्रायल के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है।

केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप

कांग्रेस संचार प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के परिवार की पैतृक संपत्तियों को पहले भी जांच के नाम पर निशाना बनाया गया है। भाजपा नेताओं और उनके करीबियों की कथित संपत्तियों तथा भ्रष्टाचार के मामलों की जांच नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

शुक्ला ने नान घोटाला, पनामा पेपर्स, शराब घोटाले, महादेव सट्टा ऐप और अन्य कथित वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए पूछा कि इन मामलों में जांच की कार्रवाई अपेक्षित गति से क्यों नहीं दिखाई देती? उन्होंने भाजपा नेताओं से जुड़े होने का दावा किए जा रहे विभिन्न मामलों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की।

भाजपा पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक परिवार को निशाना बनाने का मामला नहीं है, बल्कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी भाजपा राजनीतिक रूप से दबाव में आती है या सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान हटाना चाहती है, तब केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को सुर्खियों में लाया जाता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश की जनता राजनीतिक प्रतिशोध की ऐसी कार्रवाई का जवाब देगी। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए कहा कि कांग्रेस इसका राजनीतिक और कानूनी स्तर पर विरोध करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!