Advertisement Carousel

घर में खाना बनाने वाला रसोईया ही निकला चोर, 15 लाख के जेवर और नकदी पर किया हाथ साफ

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, रायपुर पुलिस ने रसोईये सहित ज्वेलर्स को किया गिरफ्तार; 3.15 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में घर की अलमारी से लगातार हो रही सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि घर में खाना बनाने वाला रसोईया ही निकला। आरोपी पिछले दो-तीन महीनों से मौका पाकर धीरे-धीरे अलमारी के लॉकर से कीमती आभूषण, सिक्के और नकदी चोरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी रसोईये और चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, भावना नगर निवासी पदमेश दुबे ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी से लगातार सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब हो रही है। संदेह होने पर परिवार ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। 15 नवंबर को परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति में घर का रसोईया बबलू मिश्रा लॉकर से जेवरात और नकदी चोरी करते हुए कैमरे में कैद हो गया। आरोपी करीब 15 लाख रुपये कीमत के आभूषण, सिक्के और नकदी चोरी कर ले गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी बबलू मिश्रा ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी के कुछ जेवर कुशालपुर निवासी संतोष सोनी को बेच दिए थे, जबकि कुछ आभूषण मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे हैं।

पुलिस ने ज्वेलर्स संतोष सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 15 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखे गए बाकी आभूषणों के संबंध में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने आरोपी बबलू मिश्रा (47) और संतोष सोनी (51) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले में संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!