Advertisement Carousel

नवजात बच्चे की खरीद-फरोख्त का सनसनीखेज मामला, तीन महिलाएं गिरफ्तार

निःशुल्क प्रसव और इलाज का झांसा देकर ओडिशा की गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया, बच्चे को बेचने के लिए बनाया बंधक

रायपुर। राजधानी में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। निःसंतान दंपती को बच्चा बेचकर मोटी रकम कमाने की कथित साजिश में शामिल तीन महिलाओं को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया और प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर उसे बच्चे सहित बंधक बनाकर रखने और धमकाने का भी आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान पीड़िता का संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और उपचार का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया।

महिला के इनकार करने पर उसे डराया-धमकाया गया। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद उसे नवजात शिशु सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और गीतिका नाग (36) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

अन्य नवजातों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जांच

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस कथित नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और पूर्व में हुई घटनाओं की पड़ताल कर रही है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!