Advertisement Carousel

रायपुर के एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

25 दिन तक चार राज्यों में चली पुलिस की तलाश, 1.50 करोड़ के 125 आईफोन बरामद; गिरोह के सरगना पर 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी के मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 125 आईफोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के मोबाइल खपाने वाला सफान खान शामिल है। इस मामले में गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरों ने 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड सहित करीब 2 करोड़ रुपये का सामान पार कर दिया था। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

250 किलोमीटर तक खंगाले सीसीटीवी फुटेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने करीब 25 दिनों तक लगातार जांच की। इस दौरान 250 किलोमीटर से अधिक दूरी के रास्तों पर लगे 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए, जो घटना के समय महज आठ मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।

देवास से मिला गिरोह का सुराग

जांच में सामने आया कि इस वारदात के पीछे मध्यप्रदेश के देवास और इंदौर क्षेत्र से जुड़ा कंजर गिरोह है। पुलिस ने गिरोह के सरगना राजेश झाला को देवास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी किए गए आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को सौंपे गए थे, जो इन्हें खपाने का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, सफान खान को विदेश भागने से पहले ही मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए।

सरगना पर 47 से ज्यादा अपराध दर्ज

पुलिस के मुताबिक, राजेश झाला के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी एप्पल स्टोर में चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह चोरी के महंगे आईफोन बांग्लादेश और नेपाल में खपाता था। इस दिशा में भी जांच की जा रही है।

फिलहाल राज झाला और राजेश लोधी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में दबिश दे रही है। मामले में संगठित अपराध की धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!