पलसापाली चेकपोस्ट पर पकड़ी गई चांदी की खेप, आभूषण-बर्तन-मूर्तियां और 6 सिल्लियां जब्त; कुल मशरूका 1.03 करोड़ रुपये से अधिक
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में चांदी और नकदी बरामद की है। पलसापाली चेकपोस्ट पर जांच के दौरान मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार की तलाशी में 52.528 किलोग्राम चांदी और 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद मिले। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार दो व्यक्ति चांदी के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज तथा जीएसटी बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी के दौरान छह बैग में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह चांदी की सिल्लियां मिलीं।
1 करोड़ 3 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
बसना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चांदी, नकदी और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार को जब्त किया है। जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्ती की कार्रवाई की है। मामले की जानकारी जीएसटी विभाग को भी भेज दी गई है।
चांदी के वैध स्वामित्व और परिवहन संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला बसना थाना क्षेत्र का है।
