वन विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर बिछाया जाल, तीन जीवित कछुए बरामद
सूरजपुर। वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ सूरजपुर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कछुआ तस्करी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन जीवित कछुए बरामद किए गए हैं। वन विभाग की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर तस्करों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को कछुओं की खरीद-फरोख्त किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभाग की संयुक्त टीम ने तस्करों तक पहुंचने के लिए ग्राहक बनकर जाल बिछाया। इसके बाद बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर छहों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन जीवित कछुए बरामद हुए। प्रारंभिक तौर पर कछुओं का इस्तेमाल टोटका करने के उद्देश्य से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीवों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
