रायपुर। छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ का रायपुर संभागीय निर्वाचन गुरुवार को शंकर नगर स्थित छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ कार्यालय में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। निर्वाचन में संभाग अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त होने के कारण जयंत कुमार साहू को रायपुर संभाग अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी।
संभागीय चुनाव के दौरान विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों का भी निर्वाचन किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए। रायपुर जिले के लिए सेवक लाल बाग, धमतरी के लिए भानु प्रताप पाल, बलौदाबाजार के लिए चंद्रकांत कश्यप, महासमुंद के लिए बदरुद्दीन तथा गरियाबंद के लिए राकेश कुमार साहू को जिलाध्यक्ष चुना गया।

निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए पीताम्बर पटेल को निर्वाचन अधिकारी और हितेंद्र कुमार साहू को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। दोनों अधिकारियों ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया। इसके लिए छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि प्रदेश समन्वयक जी.आर. चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र कुमार साहू, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार सोनी, मीडिया प्रभारी नमिता निषाद सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
