नई दिल्ली / विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था और फिल्मफेयर मैगजीन के अनुसार इन दोनों की शादी हो चुकी है। यानी टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड स्टार अनुष्का शर्मा अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं। खबरें हैं कि यह जोड़ा आज रात 8 बजे अपनी शादी की आधिकारिक पुष्टि करेगा। यह शादी काफी हाईप्रोफाइल रही है और इसके सारे कार्यक्रम इटली में हुए हैं हालांकि कुछ दिनों पहले आई शादी की खबरों के बाद अनुष्का के मैनेजर ने ऐसी सारी खबरों से अपना पल्ला झाड़ते हुए इन्हें अफवाह करार दिया था।
गुरुवार रात को अनुष्का शर्मा अपने मम्मी-पापा, भाई और पंडित के साथ ही इटली के लिए रवाना हो गई थीं। खबरें थी कि अनुष्का और विराट अपने खास दोस्तों को ही शादी में आमंत्रित कर रहे हैं। चूंकि टीम इंडिया इस समय श्रीलंका के साथ सीरीज में व्यस्त है, इसलिए सिर्फ दो क्रिकेटरों को शादी में आमंत्रित किया गया है। ये क्रिकेटर हैं मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह।
अनुष्का और विराट की रॉयल वेडिंग इटली के बोर्गो फिनोचीतो (Borgo Finocchieto) रिजॉर्ट में हुई है। यह रिजॉर्ट इटली के मिलान शहर के पास स्थित है। फोर्ब्स की तरफ से जारी की गई सूची के मुताबिक बोर्गो फिनोचीतो रिजॉर्ट शादियों के लिए दुनिया के शीर्ष 20 रिजॉर्ट में शामिल है। फोर्ब्स की सूची में बोर्गो फिनोचीतो रिजॉर्ट खर्च के मामले में दुनिया में दूसरे नंबर पर है। इस शादी में चुनिंदा मेहमनों को ही बुलाया गया है, इसका कारण यह है कि इस रिजॉर्ट में केवल 22 कमरे हैं, ऐसे में इसमें एक बार में केवल 44 लोग ही रुक सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इटली में शादी के बाद ये जोड़ा मुंबई में एक बड़ा रिसेप्शन आयोजित करेगा। ये रिसेप्शन 21 या 22 दिसंबर को हो सकता है। यहां पर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के सभी दोस्त शामिल होंगे।
यह शादी एक प्राइवेट सेरेमनी में हुई है। बता दें, दोनों साल 2013 से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। इनकी पहली मुलाकात एक विज्ञापन शूटिंग के दौरान हुई थी। हाल ही में यह दोनों जहीर और सागरिका की शादी में साथ में थिरकते नजर आए थे, लेकिन पिछले कई समय से यह दोनों शादी की किसी भी तरह की अफवाहों से मना कर चुके थे। इन्हीं चर्चाओं के बीच अनुष्का शर्मा अपने परिवार के साथ गुरुवार को इटली रवाना हुए थे।