रिपोर्ट / ध्रुव द्विवेदी
00 रेलवे कॉलोनी में पानी के लिए हाहाकार
कोरिया / मनेंद्रगढ़ रेलवे कालोनी में बीते एक सप्ताह से जल संकट गहराया हुआ है। हालात इतने खराब हो गए है कि लोगो को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारिर्यों की समस्या को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा बिलासपुर से एक टैंकर पानी मनेंद्रगढ़ भेजा गया है। रेलवे कालोनी में रोजाना लगभग 45 लाख लीटर पानी की खपत होती है और जो टैंकर बिलासपुर से आया है उसमें महज 55 हजार लीटर पानी ही है।
मनेंद्रगढ़ की रेलवे कालोनी समेत पूरे शहर में इन दिनों भीषण पेयजल संकट है। यहां पानी की आपूर्ति हसदेव नदी से होती है। वर्षाकाल में पानी न गिरने से इलाके के सभी कुएं, तालाब, नदियां सूख गई। एस समय किसी ने भी इस समस्या की गंभीरता पर ध्यान नहीं दिया और अब हालात ऐसे हो गए है कि लोगो को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। रेलवे कालोनी मेें रहने वाले कर्मचारियों की समस्या को देखते हुए रेल संगठनों द्वारा उच्चाधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराया गया। जिसके बाद बिलासपुर से स्पेशल ट्रेन के मार्फत एक टैंकर पानी भेजवाया गया है। जिससे लोगो को कितनी राहत मिल पाएगी इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
बहरहाल जिस तरीके से इलाके में पेयजल संकट गहरा रहा है। उससे साफ है कि अगर जल्द ही ठोस उपाय नहीं किए गए तो मनेंद्रगढ़ में भी महाराष्ट्र के लातूर जैसे हालात बनते देर नहीं लगेगी।
