भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट आफिसर के प्रशिक्षण के लिए चयनित हुषनेश रत्न ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

00 सैनिक स्कूल अम्बिकापुर के सात कैडेटों ने एनडीए प्रवेश परीक्षा में हासिल की शानदार सफलता, मुख्यमंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं

रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नेशनल डिफेंस अकादमी की प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने पर सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के सात कैडेटों ने सफलता पाई है। अंबिकापुर सैनिक स्कूल के कैडेट खिलानंद साहू ने एनडीए परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अंबिकापुर सैनिक स्कूल के कैडेट हुषनेश रत्न, आदर्श सिंह, उत्कर्ष वर्मा, देवाशीष साहू, अरमान कुमार सिंह और सुधांशु कुमार ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज यहां उनके निवास कार्यालय में एनडीए परीक्षा के माध्यम से भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट आफिसर के प्रशिक्षण के लिए चयनित छात्र हुषनेश रत्न ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल भी इस अवसर पर उपस्थित थे। हुषनेश ने मुख्यमंत्री को अपनी और सैनिक स्कूल अंबिकापुर के छात्रों की सफलता की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने हुषनेश और सैनिक स्कूल के सभी छात्रों को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर हुषनेश के पिता आर.डी. घिडोरे, माता श्रीमती द्रौपदि घिडोरे और भाई अयंकेश रत्न भी उपस्थित थे। हुषनेश के साथ अम्बिकापुर सैनिक स्कूल के कैडेट आदर्श सिंह का चयन भी भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट आफिसर के प्रशिक्षण के लिए हुआ है।

error: Content is protected !!