कोरिया / हमे सबसे पहले चयनित ग्राम पंचायतों में आवश्यक जरूरतों के लिए संसाधन निर्माण करना होगा। इसके बाद स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों के लिए ज्यादा बेहतर संस्थाएं निर्मित करनी होगी। उक्ताशय के विचार जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तूलिका प्रजापति ने व्यक्त किए।
शनिवार को रूर्बन योजना के क्रियान्वयन को लेकर एक अहम बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में सभी रूर्बन गांव के जनप्रतिनिधि सरपंच सचिव और तकनीकी अमले ने अपनी उपस्थिति दी। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तूलिका ने कहा कि सोनहत के 20 ग्राम पंचायत रूर्बन मिशन के तहत लिए गए हैं। यंहा हमे हर संसाधन जल्द से जल्द जुटाना होगा ताकि आने वाले समय मे इसे विकसित गांव के रूप में देखा जा सके। उन्होंने कहा कि बेहतर आवागमन, अच्छी शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ रोजगार के अच्छे विकल्प बनाकर महिलाओं के समूह और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना होगा। श्रीमती तूलिका ने सभी को समझाइश देते हुए कहा कि जितनी जल्दी हम स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर जागरूक करेंगे उतनी जल्दी विकास का मार्ग खुल सकेगा। हर शासकीय संस्थान जैसे स्कूल आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र और पंचायत कार्यालयों को बिजली आपूर्ति के साथ साफ सुथरा और उपयोगी बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा आने वाले कुछ माह में ही इन सभी व्यवस्थाओं को सुचारू करें। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों को आजीविका से जुड़े कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सभी तकनीकी अधिकारी, सहायक और जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे।
