नई दिल्ली / स्टार्टअप को बढावा देने के लिए पीएम मोदी युवा उद्यमियों से रूबरू हुए, कहा केवल सरकार नहीं बना सकती न्यू इंडिया, युवा उद्यमियों से विचारों के साथ ही रोड मैप भी सामने लेकर आने का किया आग्रह।
2022 के न्यू इंडिया के निर्माण में पीएम मोदी समाज के हर तबके को जोड़ना चाहते है. देश के वो युवा जो अपनी दम पर समाज में बदलाब के वाहक बने है उनके साथ आज पीएम मोदी ने मुलाकात की और नये भारत के निर्माण में जुड़ने की अपील की।
पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार शुरु से स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को आगे बढाने पर जोर दे रहे हैं । इन्हीं लोगों की बातों को जानने और सरकार के विचारों को उन तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को युवा उद्यमियों व स्टार्टअप शुरू करने वाले उद्यमियों से रूबरू हुए।
‘चैम्पियन ऑफ चेंज’ नाम के इस कार्यक्रम में पीएम ने फिर ने न्यू इंडिया का जिक्र किया और कहा कि ये काम केवल सरकार का नहीं है और सवा सौ करोड भारतीयों को इसके लिए आगे आना होगा।
पीएम मोदी और नीति आयोग की टीम ने 6 बेहद अहम क्षेत्रों के बारे में दो सौ से अधिक युवा उद्यमियों से विचार-विमर्श किया ताकि देश का सतत विकास हो और वृद्धि में तेज गति लाई जा सके। इसमें 2022 तक नव भारत निर्माण, डिजिटल इंडिया, टिकाऊ ऊर्जावान भविष्य, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित होगा।
युवा उद्यमियों के छह समूह ने प्रधान मंत्री के सामने इस मसलों पर प्रस्तुतीकरण किया। पीएम ने इन विचारों की सराहना की और कहा कि यह पहल आगे बढ़ेगी । पीएम ने कहा कि इस समूहों के विचारों को केंद्र सरकार के संबंधित विभागों और मंत्रालयों के साथ एक साथ जोड़ा जा सकता है।
पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम लोगों की भलाई के लिए नए रास्ते तलाश रही है। उन्होंने उद्यमियों को अपने संबंधित समूहों में अपनी सोच को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि वो विचारों के साथ रोड मैप भी सामने लाएं ।
पीएम ने अपनी सरकार के कदमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कैसे तीन सालों में सरकार ने व्यवस्था में बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों को प्रमाणित करना और ग्रुप सी और डी पदों के लिए साक्षात्कारों खत्म करना उनमें से एक है ।
पीएम ने कहा कि सरकार युवाओं के साथ कनेक्ट करना चाहती है । युवा उद्यमियों से मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया योजना की अब तक की प्रगति का जायजा लिया।
जनवरी 2016 में आयोजित स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम के बाद यह दूसरी बार था जब प्रधानमंत्री स्टार्टअप्स शुरू करने वाले उद्यमियों से मिले।
