कोरिया / जिले के नगरीय क्षेत्र चिरमिरी से लगभग 8 करोड़ रुपए की ठगी कर फरार हुए ग्रीन इंडिया कंपनी के आरोपियों को चिरमिरी पुलिस ने व्यापार विहार बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। ठगी गई राशि से खरीदे गए 3 वाहनों को भी पुलिस ने जब्त करने में कामयाबी पाई है।
चिरिमिरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्रीन इंडिया कंपनी ने लोगों से अधिक रिटर्न का लालच देकर इलाके से करीब 8 करोड़ रुपए की ठगी की थी। ग्रीन इंडिया कंपनी के यह कर्मी ठगी के बाद ऑफिस बंद कर आचानक ही फरार हो गए थे। जिसकी शिकायत निवेशकों ने स्थानीय चिरमिरी थाने में की थी। इस पर आरोपियों के खिलाफ 2016 में धारा 420, 34, चिटफंड धन परिचालन अधिनियम 1978 की धारा 4, 5 तथा छत्तीसगढ़ में निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी सरगर्मी से पतासाजी की जा रही थी। इनके बिलासपुर में होने की सूचना मिलने पर एसपी कोरिया विवेक शुक्ला के निर्देशन में चिरमिरी पुलिस की टीम बनाकर बिलासपुर रवाना की गई।
टीम ने चार आरोपियों की पहचान कर उन पर गोपनीय ढंग से नजर रखी। पुलिस टीम इस मौके में थी कि चारों आरोपी एक साथ गिरफ्तार हों। व्यापार विहार के ऑफिस में पार्टी मनाने के लिए जैसे ही सब एकत्रित हुए, पुलिस ने आशीष पिता हरीशचंद्र जायसवाल, पुलकित आकाश पिता पीए बानवर, प्रद्युम्न कुमार उर्फ जीपू पिता प्रसन्नू कुमार साहू और धमेंद्र सिंह पिता राम सिंह यादव को घेराबंदी कर पकड़ा और अपने साथ चिरमिरी थाने लाई। आरोपियों से गहन पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से निवेशकों से ठगी गई राशि से खरीदे गए तीन वाहन इनोवा, स्कार्पियों व जाइलो भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपए है।
इस बड़ी कार्यवाही में चिरिमिरी थाना प्रभारी विनीत दुबे, दिलीप दुबे,प्रिंस कुमार राय,भूपेंद्र यादव,चन्द्र सेन ठाकुर, पुरुषोत्तम बघेल की सराहनीय भूमिका रही।
