कोरिया / बैकुंठपुर में बिल्डर संजय अग्रवाल द्वारा करोड़ो की जमीन के हेराफेरी के मामले में पिछले 4 सितम्बर से जन आन्दोलन नगरपालिका काम्प्लेक्स में किया जा रहा था । शनिवार को क्रमिक भूख हड़ताल में उदय सिंह, विपिन जायसवाल, भानू पाल, रामजस सिंह व सुभाष साहू शामिल रहे।
इस जन आंदोलन को नगर के राजनैतिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही नगर पालिका बैकुंठपुर के उपाध्यक्ष व पार्षदों सहित आमजनों का भी समर्थन मिला हुआ था। जन आंदोलन में बीते बुधवार से क्रमिक भूख हड़ताल भी किया जा रहा था, इसी बीच आज शनिवार की सुबह जिला प्रशासन द्वारा हमारी मांगो को लेकर कार्यवाही शुरू की गई। प्रशासन की ओर से नेतृत्व करते हुए बैकुंठपुर एसडीएम अरुण मरकाम दल बल सहित वार्ड क्रमांक 21 पहुँचे जहां बिल्डर संजय अग्रवाल द्वारा शासकीय तालाब में कब्जा कर लिया गया है और उसमें दीवार उठा दिया गया है। जिसे प्रशासन द्वारा जेसीबी से तोड़वाने का प्रयास किया गया लेकिन कांक्रीट दीवार होने के कारण दीवार नही गिराया जा सका और अंत मे स्थल निरीक्षण करते हुए एसडीएम श्री मरकाम ने कटर मशीन मंगाकर दीवार ढहाने के निर्देश दिए। जिसके बाद यह स्थल कब्जा मुक्त हो जाएगा। इसके साथ ही शिकायतों की जांच करते हुए एसडीएम बिल्डर संजय अग्रवाल द्वारा पैलेस के सामने एमएलए नगर में निर्माणाधीन मकानो के निरीक्षण में पहुँचे और उन्होंने सारे निर्माण कार्य बंद करा दिया। इसी कड़ी में एसडीएम जन आंदोलन स्थल पहुँचे और हमारे प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि नागरिक एकता मंच द्वारा बिल्डर के खिलाफ जो भी शिकायतें की गई हैं, उसमें कार्यवाही शुरू हो गई है। उन्होंने नागरिक एकता मंच को आश्वस्त किया कि 15 दिन के भीतर ठोस कार्यवाही देखने को मिलेगी साथ ही उन्होंने इस क्रमिक भूख हड़ताल व जन आंदोलन को समाप्त करने की अपील की। जिसके बाद आज दोपहर बाद एसडीएम अरुण मरकाम द्वारा चर्चा व 15 दिनों में ठोस कार्यवाही के आस्वासन के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के समक्ष स्पष्ठ किया कि यदि 15 दिन में कार्यवाही नही की गई तो पुनः नागरिक एकता मंच आपसी चर्चा के बाद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
आज धरना स्थल पर एसडीएम से चर्चा के दौरान अतुल गुप्ता, उदय सिंह,भानू पाल, सुभाष साहू, सतीश गुप्ता,विपिन जायसवाल, भरत लाल गुप्ता, फिरदौश अहमद गुड्डू, अविनाश सिंह,प्रमोद गुप्ता, रामजस सिंह सहित कोतवाली प्रभारी व अन्य नागरिक भी उपस्थित थे।
