बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच धान बोनस की बौछार : लगभग एक सौ करोड़ के 270 निर्माण कार्यों की सौगात

रायपुर / बोनस तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में आज बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच किसानों के लिए धान बोनस और सरगुजा जिले के विकास के लिए सौगातों की बौछार कर दी।

उन्होंने कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में 18 हजार 759 किसानों को सहकारी समितियों में वर्ष 2016 के धान के विक्रय पर लगभग 32 करोड़़ 08 लाख रूपए का बोनस राशि का ऑनलाइन वितरण किया। डॉ. सिंह ने जिले के विकास के लिए जनता को एक सौ करोड़ रूपए से ज्यादा के 270 निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इनमें से 13 करोड़ 25 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 18 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 97 करोड़ 92 लाख रूपए के नये स्वीकृत 252 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने किसानों को और जिले की जनता को बोनस तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में धान बोनस के लिए किसानों में भरपूर उत्साह देखा जा रहा है। यहां पर बारिश हो रही है। इसके बावजूद हमारे मेहनतकश किसान पूरे उत्साह के साथ बोनस तिहार का स्वागत करने के लिए मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विशेष पिछड़ी पहाड़ी कोरवा जनजाति के दो हजार 301 परिवारों को एक-एक रेडियो सेट भी प्रदान किया। बोनस तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग की योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के 2245 श्रमिकों को निःशुल्क साइकिलों का भी वितरण किया। उन्होंने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को अनुदान राशि के चेक भी वितरित किए।
Cm
मुख्यमंत्री ने बोनस तिहार में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि धान बोनस की राशि कम्प्यूटर पर एक क्लिक के जरिए सीधे उनके खातों में ऑनलाइन डाल दी गई है। प्रदेश सरकार ने 13 लाख से ज्यादा किसानों को 2100 करोड़ रूपए धान बोनस देने का संकल्प लिया था। इस संकल्प को पूरा करते हुए बोनस तिहारों में उन्हें बोनस की राशि ऑनलाइन दी जा रही है। किसानों को दीपावली से पहले एक और दीपावली मनाने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने समारोह में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए किसानों के हित में राज्य और केन्द्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन में सरगुजा जिले के योगदान की विशेष रूप से तारीफ की। डॉ. सिंह ने कहा-विकास कार्यों में तेजी आई है और इसके फलस्वरूप आदिवासी बहुल सरगुजा जिले की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है।

IMG_20171005_204833
बोनस तिहार में कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, लोकसभा सांसद कमलभान सिंह, राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम और हस्तशिल्प बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह मेजर ने भी किसानों को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ गृह, जेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा, श्रम और खेल मंत्री भईयालाल राजवाड़े, अम्बिकापुर के विधायक और विधानसभा के नेताप्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव, लुण्ड्रा के विधायक चिंतामणि महाराज और अध्यक्ष जिला पंचायत सरगुजा श्रीमती फुलेश्वरी सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत बलरामपुर श्रीमती पुष्पा नेताम सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न संस्थाओें के पदाधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!