गुजरात – भावनगर / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के भावनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से बनी रो-रो (रोल ऑन, रोल ऑफ) फेरी सर्विस परियोजना का लोकार्पण किया। सौराष्ट्र में घोघा और भरूच जिले में दहेज के बीच रो-रो सर्विस शुरू होने से लोगों की परेशानी कम होगी। यह फेरी सर्विस भावनगर जिले के घोघा से भरुच जिले के दाहेज के बीच खंभात की खाड़ी में शुरू की गई है। पीएम मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर जनवरी 2012 में इस रो-रो परियोजना की आधारशिला रखी थी।
लोकार्पण समारोह के बाद पीएम ने घोघा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को बताया कि इस सर्विस से गुजरात के करोड़ों लोगों की जिंदगी आसान होगी। साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सर्विस गुजरात के लिए और देश के लिए एक नया आगाज है। उन्होने रो-रो सर्विस के फेज़ वन की शुरूआत करते हुए कहा कि ये सेवा सात से आठ घंटे वाले सड़क मार्ग के सफ़र को छोटा करेगी और लोगों को सहूलियत होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि घोघा-दहेज प्रोजेक्ट का रास्ता अपनी तरह का एक चुनौतियों भरा रहा है। लेकिन समय के साथ और केंद्र में बदली राजनीतिक परिस्थितियों की वजह से इसे पूरा करने में काफी मदद मिली। उन्होने देश के समुद्री तटों का आर्थिक विकास के लिए इस्तेमाल करने पर ज़ोर दिया। उन्होने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार का ज़ोर बंदरगाहों के विकास और उनकी क्षमता बढ़ाने पर रहा है। प्रधानमंत्री ने गुजरात में बंदरगाहों के विकास पर ज़ोर दिया। उन्होने कहा की देश के बंदरगाहों में गुजरात की भागीदारी अकेले 32 फीसदी की है।
पीएम मोदी ने कहा कि रो-रो सेवा की शुरूआत इस तरह के काम के लिए एक नया अध्याय शुरू करेगी। उन्होनें कहा कि इस योजना के बाद बाकि राज्यों को भी इस तरह की काम में आगे बढ़ने में आने वाली मुश्किलें कम होंगी। पीएम रो-रो सेवा में जायेंगे तो उन्होनें इस दौरान अपने खास साथियों का जिक्र भी किया। गुजरात यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वडोदरा शहर में कई अलग परियोजनाओं की शरूआत करेंगे। इनमें से महत्वपूर्ण है कमांड सिटी सेंटर। ये सेंटर पूरे शहर पर सीसीटीवी कैमरा के ज़रिए नज़र रखेगा और कई सुविधाओं की निगरानी भी इसके ज़रिए रखी जा सकेगी।
