हिमाचल प्रदेश / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेनामी संपत्तियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पीएम ने कहा कि इससे कांग्रेस डरी हुयी है। क्योंकि इस कानून से उसके नेताओं की अकूत संपत्ति बाहर आ जायेगी। उन्होनें कहा कि विमुद्रीकरण के एक साल के भीतर बड़ी मात्रा में अवैध धन बरामद हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के ऊना में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आज प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ताधारी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस के शासनकाल में क़ानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार के भय से मैदान छोड़कर भाग रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकेत दिये हैं कि उनकी सरकार बेनामी संपत्ति पर कड़ा प्रहार करने जा रही है, साथ ही उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस डरी हुयी है। क्योंकि इस कानून से उसके नेताओं की अकूत संपत्ति बाहर आ जायेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि विमुद्रीकरण के खिलाफ कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है और उनकी सरकार को बदनाम कर रही है क्योंकि वो बेनामी संपत्ति कानून को लेकर डरी हुयी है और उससे पहले सरकार के खिलाफ माहौल बनाना चाहती है। केंद्र सरकार ने बेनामी ट्रांजैक्शन एमेंडमेंट एक्ट 2016 को पिछले साल एक नवंबर को ही लागू किया था। इस कानून के सामने आने के बाद सरकार ने कई बेनामी संपत्तियों को पकड़ा है। इससे पहले लोग इस एक्ट में मौजूद खामियों का फायदा उठाते हुए लोग अपने बेनामी संपत्ति को छिपाने में सफल होते थे. अब संशोधन के बाद सभी बेनामी संपत्ति पर सरकार की कड़ी नज़र बनी हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वक्त आ गया है कि जनता के धन को लूट कर इकट्ठा की गयी अकूत संपत्ति को जनता को वापस किया जाए । प्रधानमंत्री ने कहा कि वो ऐसे हालात बना रहे हैं कि भ्रष्ट लोग अपनी बेनामी संपत्ति पर दावा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस के नेता डरे हुए हैं अपनी जमीन, फ्लैट और दुकानों को लेकर….जैसे वो कैश में अवैध रूप से जमा 500 और 1000 को नोटों को लेकर डरे हुए थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कई कांग्रेस के नेता हैं जिन्होंने अपने ड्राइवर और कुक के नाम पर बेनामी संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अपने नाम की गई संपत्ति इन नेताओं को वापिस नहीं करनी चाहिये।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विमुद्रीकरण के एक साल में काफी सारा अवैध धन बाहर आया है, इसी तरह बेनामी संपत्ति कानून भी अच्छे-अच्छे लोगों को बेनकाब कर देगा।
