कोरिया / जिले के पटना थाना अंतर्गत जमड़ी मे एक एएसआई बुरी तरह जख्मी हालत में मिला। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सको ने उसे अपोलो बिलासपुर रेफर कर दिया है।
बताया जाता है कि सूरजपुर जिले के भैयाथान में पदस्थ एएसआई राजेश प्रताप सिंह 15 दिसम्बर की रात्रि किसी काम से रनई आया हुआ था। जहाँ कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस कर्मी व उसके ड्राइवर पर डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। ड्राइवर वहां से भाग निकला लेकिन हमलावरो ने एएसआई को बुरी तरह मार कर उसे मरा समझ कर फेंक दिया व वहां से फरार हो गये। सुबह लोगो ने घायल पड़े एएसआई को देख इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं बाद में घायल ड्राइवर भी आ गया। पुलिस ने ड्राइवर के बयान के बाद तहकीकात आरम्भ कर दी है। समाचार लिखे जाने तक घायल एएसआई राजेश प्रताप की हालत चिंताजनक बनी हुई है। राजेश इसके पहले पटना थाना में भी पदस्थ रह चुका है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामला अवैध संबंध का हो सकता है ऐसा बताया जा रहा है और उसी से मिलने आने पर गांव के लोगो द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है।
