सुकमा / बुधवार को सुरक्षा बलों ने सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। सुकमा के अलग—अलग थानों से नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार गादीरास थाना क्षेत्र से 4 नक्सली बंजामी आयता, बंजामी हांदा, रावा रामा व पोड़ियामी सोमड़ा को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान ग्राम आदगुड़ा में मतदान पेटी व मतदान सामग्री, डकैती करने जैसे मामले पंजीबद्ध हैं। वहीं चिंतागुफा से कवासी हड़मे व पोड़ियाम भीमे और पोलमपल्ली से मड़कम मासे को गिरफ्तार किया है। निर्माण कार्य में लगी मिक्सर मशीन में आगजनी, सुरक्षाबलों पर फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में पुलिस को इनकी तलाश थी।
बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस व सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई कर रही है। संभाग के अलग-अलग जिलों में लगभग हर दिन ही कोई न कोई कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत इस साल अब तक बीस से अधिक नक्सलियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
