अकलतरा। ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पांडेय ने तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक 3 साल से फरार दुष्कर्म के आरोपी महावीर कंवर को रविवार को अकलतरा न्यायालय में पेश किया गया था। पेशी के दौरान आरोपी हथकड़ी सहित पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी ने तत्काल प्रभाव से आरक्षक राजेंद्र कहरा, उमेश यादव और कमल बहादुर क्षत्रिय को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
ये तीनों आरक्षक उस समय आरोपी की सुरक्षा व निगरानी की ड्यूटी पर तैनात थे। मामला गंभीर लापरवाही का होने के कारण यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
