नई दिल्ली / केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को नौ नए स्मार्ट शहरों की घोषणा की। इन नौ शहरों में उत्तर प्रदेश के बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर को शामिल किया गया है। अभी तक 99 स्मार्ट शहरों का एलान किया जा चुका है। 9 नए शहरों के विकास में 12 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।
मोदी सरकार ने नए स्मार्ट शहरों के नाम का एलान कर दिया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 9 नए शहरों के नाम का एलान किया गया है। इस तरह कुल मिलाकर सरकार ने 99 स्मार्ट शहरों के नाम का एलान कर दिया है। शिलांग की तरफ से प्रकिया पूरी न किए जाने की वजह से 100वें शहर के नाम का एलान नहीं किया गया।
जिन 9 शहरों को चौथे चरण में शामिल किया गया है उनमें निम्न शहर शामिल हैं:-
सिलवासा, दादर एवं नगर हवेली
इरोड, तमिलनाडु
दीव, दमन और दीव
बिहारशरीफ, बिहार
बरेली, उत्तर प्रदेश
इटानगर, अरुणाचल प्रदेश
मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
सहारनपुर, उत्तर प्रदेश
कावारत्ती, लक्षद्वीप
इन 9 नए शहरों की 409 परियोजनाओं में 12,824 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पहले से घोषित किए गए स्मार्ट शहरों में विकास में खासी प्रगति देखने को मिली है।
हालांकि शहरी विकास मंत्री ने इस बात को लेकर चिंता भी जाहिर की पहले ही चरण में शामिल होने के बावजूद न्यू टाउन कोलकाता में कोई प्रगति नहीं हुई है। हरदीप सिंह पुरी ने शहरी निकायों से स्मार्ट सिटी के विकास में अधिक भागीदारी निभाने की अपील भी की। अभी तक केंद्र की तरफ से 9,900 करोड़ रुपये राज्यों को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत दिए जा चुके हैं। राज्य इसमें से 2,500 करोड़ रुपये खर्च भी कर चुके हैं। निजी क्षेत्र भी स्मार्ट शहरों को विकसित करने में रुचि दिखा रहे हैं। इन प्रस्तावित 99 स्मार्ट शहरों के विकास में 2 लाख करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जानी है।
9 नए स्मार्ट शहरों के एलान के साथ ही सिटी में विभिन्न सुविधाओं को जांचने के लिए लिवेबिलिटी इंडेक्स के तहत भी 116 शहरों का चयन किया गया है।
गौरतलब है कि मोदी सरकार सभी को आवास, स्वच्छता मिशन, अमृत शहरों के विकास सहित शहरों के कायाकल्प के लिए कई परियोजनाओं पर काम कर रही है, जो ज़मीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू भी हो रही हैं। ऐसे में आने वाले समय में भारत के शहर पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट नज़र आएंगे।
