श्रीनगर / दुनिया भर में फजीहत झेलने के बाद भी भारत से सटे बॉर्डर इलाके में पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। इस बार पाकिस्तान ने बॉर्डर पर विशालकाय झंडा फहराया है। झंडा फहराने के लिए पाकिस्तानी सेना की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे गाजे-बाजे के साथ पाकिस्तानी झंडा फहराया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आसपास से भारी संख्या में लोग बुलाए गए।
पाकिस्तान बॉर्डर पर झंडा फहराने के लिए तीन महीने से तैयारी कर रहा था। तीन महीने पहले बॉर्डर पर तिरपाल लगाकर झंडे को फहराने का इंतजाम शुरू किया गया था। भारतीय सुरक्षा बलों ने इस बारे में जब उनसे पूछा तो कहा गया कि वे किसी पीर बाबा की समाधि स्थापित कर रहे हैं। तिरपाल के पीछे उसी का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी की आड़ में पाकिस्तान ने यहां झंडा फहराने के लिए टावर बनाए।
अब पाकिस्तानी रेंजरों ने इस टावर पर 24 फुट चौड़ा व 36 फुट लंबा पाकिस्तानी झंडा फहरा दिया है। झंडा फहराने के लिए विशेष तौर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सीमवर्ती इलाके में बसे लोगों को बुलाया गया था। ध्वजारोहण की रस्म पाकिस्तान के कोर कमांडेट के लेफ्टिनेंट जनरल शेर अफगन इलाली ने निभाई। इस मौके पर पाकिस्तान के प्रमुख कलाकारों जस्सा लायलपुरी और फातिमा ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
फिलहाल भारत की ओर से इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया गया है, लेकिन भारतीय सीमा में बसे लोगों का कहना है कि पाकिस्तान की इस हरकत का जवाब दिया जाना चाहिए। साभारzeenews
