उत्तर प्रदेश / फर्रुखाबाद – यूपी की कानून सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेश के फर्रुखाबाद से यह बड़ी खबर है। जहाँ दरोगा जी के घर से 9 लाख की चोरी हो गई।
जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद की पुलिस लाइन में रहने वाले दरोगा के सरकारी आवास पर लाखों की चोरी हो गई है। दरोगा फिलहाल कानपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं और घर कई दिनों से बंद था। चोर आवास की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे और नकदी और जेवर साफ कर आसानी से फरार हो गए। चोरी किस तारीख में हुई यह भी कोई बताने वाला नहीं है।
यह भी बताया जा रहा है कि दरोगा सत्य नारायण त्रिपाठी जब फर्रुखाबाद पुलिस लाइन में तैनात थे तब उन्हें टाइप 2 में आवास संख्या 11 आवंटित हुआ था। दो साल पहले उनका तबादला कानपुर के लिए हो गया पर उन्होंने आवास खाली नहीं किया। दरोगा के दो बेटे हैं. बेटों की शादी के जेवर आदि बनवा कर उन्होंने फर्रुखाबाद में अलॉट हुए क्वार्टर में ही रख छोड़ा था। इस बारे में त्रिपाठी की सोच थी कि पुलिस लाइन से सुरक्षित जगह कौन हो सकती है। 29 जनवरी के बाद से घर बंद था दरोगा का छोटा बेटा विवेक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह 29 जनवरी को अंतिम बार यहां आया था। इसके बाद जब वह गुरुवार को घर आया तो कमरों का हाल देख परेशान हो गया। कमरों का सभी सामान बिखरा पड़ा था। बक्से, सूटकेस आदि का सामान बिखरा पड़ा था। जिज्ञासावश जब उसने जेवर के डिब्बे देखे तो खाली मिले। यह हालत देख विवेक के पैरों तले जमीन खिसक गई।
विवेक ने घटना की जानकारी तुरंत अपने पापा को दी। देखा गया तो पता चला कि आंगन की ओर की बाउंड्री फांदकर चोर अंदर घुसे थे और लोहे के फाटक के कुंडे काटकर आवास के कमरों में पहुंच गए। यहां किसी के आने की कोई संभावना नहीं थी इसलिए इत्मिनान से सामान बटोरा और भाग गए।
वहीं इस मामले में स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में थाना पुलिस को कार्यवाही के आदेश दे दिए गए हैं।
